संसद की सुरक्षा में सेंध लगाने की घटना का मुख्य आरोपी ललित झा गिरफ्तार

संसद भवन के बाहर से गिरफ्तार किए गए दो लोगों की पहचान हरियाणा के जींद जिले के गांव घासो खुर्द की

संसद की सुरक्षा में सेंध लगाने की घटना का मुख्य आरोपी ललित झा गिरफ्तार

 हरियाणा : संसद की सुरक्षा में सेंध लगाने की घटना के मुख्य आरोपी ललित झा को बृहस्पतिवार शाम गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस सूत्रों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने कहा कि झा एक व्यक्ति के साथ राष्ट्रीय राजधानी के कर्तव्य पथ पुलिस थाने पहुंचा, जहां उसे विशेष प्रकोष्ठ को सौंप दिया गया।

इस संबंध में एक अधिकारी ने कहा, ‘‘ललित झा कर्तव्य पथ थाने आया जहां उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसे विशेष प्रकोष्ठ को सौंप दिया गया जो घटना की जांच कर रही है।’’ पुलिस के अनुसार, संसद की सुरक्षा में सेंध लगाना योजनाबद्ध तरीके से किया गया कृत्य था और इसे छह लोगों द्वारा अंजाम दिया गया, जिनमें से सभी अब पुलिस हिरासत में हैं।

 

संसद पर 2001 में किए गए आतंकी हमले की बरसी के दिन बुधवार को, सुरक्षा में सेंधमारी की बड़ी घटना उस वक्त सामने आई जब लोकसभा की कार्यवाही के दौरान दर्शक दीर्घा से दो लोग सदन के भीतर कूद गए और ‘केन’ के जरिये पीले रंग का धुआं फैला दिया। घटना के तत्काल बाद दोनों को पकड़ लिया गया।

 

इस घटना के कुछ देर बाद ही पीले और लाल रंग का धुआं छोड़ने वाली केन लेकर संसद भवन के बाहर प्रदर्शन करने वाले एक पुरुष और एक महिला को गिरफ्तार किया गया। सदन में कूदने वाले दोनों व्यक्तियों की पहचान सागर शर्मा और मनोरंजन डी. के रूप में हुई है।

 

संसद भवन के बाहर से गिरफ्तार किए गए दो लोगों की पहचान हरियाणा के जींद जिले के गांव घासो खुर्द की निवासी नीलम (42) और लातूर (महाराष्ट्र) के निवासी अमोल शिंदे (25) के रूप में हुई है। ये चारों आरोपी संसद पहुंचने से पहले अपने सहयोगी विशाल के घर पर ठहरे थे।

 

पुलिस ने विशाल को भी गुरुगाम से हिरासत में लिया था। इस बीच, ललित झा के कोलकाता के पड़ोसियों ने उसे शांत स्वभाव का व्यक्ति बताया और कहा कि वे संबंधित खबरें देखकर हैरान हैं।