कल से मध्यप्रदेश सरकार मनाएगी विकास पर्व

आधिकारिक जानकारी के अनुसार श्री चौहान इस दौरान पूरे प्रदेश के दौरे पर रहेंगे। विकास पर्व की शुरुआत बड़वानी से होगी। विकास पर्व में मुख्य रूप से विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास होगा।

कल से मध्यप्रदेश सरकार मनाएगी विकास पर्व

भोपाल - मध्यप्रदेश सरकार कल से आगामी 14 अगस्त तक प्रदेश के समस्त जिलों में विकास पर्व का आयोजन करेगी, जिसके तहत मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान समूचे प्रदेश का दौरा करेंगे और प्रदेश भर में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास होगा।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार श्री चौहान इस दौरान पूरे प्रदेश के दौरे पर रहेंगे। विकास पर्व की शुरुआत बड़वानी से होगी। विकास पर्व में मुख्य रूप से विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास होगा। इस दौरान लगभग दो लाख करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन होगा। विकास पर्व के दौरान जनसेवा यात्राओं, आम सभाओं का आयोजन और स्थानीय स्तर पर जनता के साथ संवाद के कार्यक्रम आयोजित होंगे।

इस विकास पर्व के दौरान प्रमुख तौर पर बीना रिफायनरी का विस्तार और केन बेतवा लिंक योजना का भूमिपूजन और शिलान्यास होगा। लगभग सात हजार 245 करोड़ रुपए की 15 सिंचाई परियोजनाओं का लोकार्पण और 36 हजार 348 करोड़ की 13 सिंचाई परियोजनाओं का भूमि पूजन होगा। इसी समयावधि में 83 सीएम राइज स्कूलों का शुभारंभ और नव स्वीकृत मेडिकल कॉलेजों का भूमिपूजन किया जाएगा।

विकास पर्व के दौरान ही राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्ग एवं सड़क निर्माण के 21 हजार 900 करोड रुपए से अधिक की लागत से 1207 कार्यों का भूमि पूजन भी किया जाएगा। अमृत 2.0 अंतर्गत शहरी पेयजल परियोजनाओं के लिए तीन हजार करोड़ रुपए की राशि के कार्य किए जाएंगे। प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत लगभग चार लाख हितग्राहियों का गृह प्रवेश होगा। वहीं 10 नवीन महाविद्यालयों का भूमि पूजन भी किया जाएगा।

जल जीवन मिशन अंतर्गत 28 हजार 471 करोड़ रुपए की राशि की 15 हजार 450 समूह पेयजल परियोजनाओं का भूमि पूजन और विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत हितग्राहियों के सम्मेलन किए जाएंगे। गरीब कल्याण अंतर्गत प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री भू अधिकार योजना, दीनदयाल रसोई योजना , मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना, जल जीवन मिशन, स्वामित्व योजना संबल योजना के विभिन्न कार्यक्रम होंगे। किसान कल्याण अंतर्गत प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना, मुख्यमंत्री कृषक ब्याज माफी योजना के भी कार्यक्रम आयोजित होंगे। महिला सशक्तिकरण, युवा कल्याण रोजगार एवं कमजोर वर्ग कल्याण, शिक्षा, स्वास्थ्य और सुशासन के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन होंगे।