अब दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर भी देना होगा टोल

रात 12 बजे से वसूला जाएगा टूल, 228 किमी का देना पड़ेगा 500 रुपए टैक्स

अब दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर भी देना होगा टोल

गुरुग्राम- देश के सबसे लंबे दिल्ली-वडोदरा-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर आज रात 12 बजे से टोल प्लाजा पर वाहनों का टोल कटना शुरू हो जाएगा। पहले फेज में यह एक्सप्रेस-वे गुरुग्राम के अलीपुर से राजस्थान के दौसा के बीच बनकर तैयार हुआ है। इसका उद्घाटन 12 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया था। एनएचआईए ने आज रात यानी (15 फरवरी) से टोल वसूली की मंजूरी दी है। टोल के मामले में यह एक्सप्रेस-वे सबसे अलग है, क्योंकि इसमें जगह-जगह पर आपको टोल प्लाजा से नहीं गुजरना पड़ेगा। हाईवे से जब आप एग्जिट करेंगे, तब आपको किलोमीटर के अनुसार टोल का भुगतान करना पड़ेगा। पहले चरण में करीब 19 किलोमीटर की दूरी करने में वाहन चालकों से सर्वाधिक 90 रुपए का टोल वसूला जाएगा। गुरुग्राम के कस्बा सोहना में पडऩे वाले अलीमपुर के जरिए इस एक्सप्रेस-वे पर एंट्री होने के बाद सबसे पहले आने वाले खलीलपुर इंटरचेंज पर उतरते वक्त 90 रुपए टोल लिया जाएगा।

तय किए टोल चार्ज

एनएचआईए के अधिकारियों के मुताबिक, टोल चार्ज दूरी के साथ-साथ निर्माणकार्य के जरिए तय होता है। जैसे पुल, रेलवे ओवरब्रिज या फिर किसी अन्य तरह के पुल का निर्माण होता है, ठीक उसी प्रकार टोल की दरें तय की जाती है। अलीपुर से खलीलपुर इंटरचेंज तक के हिस्से में पुल और अंडरपास काफी ज्यादा बने है। इसलिए इस हिस्से में टोल की दरें ज्यादा है।

228 किमी का देना होगा 500 रुपए

पहले फेज के अलीपुर से दौसा के बीच करीब 228 किलोमीटर के सफर में पहले टोल हरियाणा और दूसरा अंतिम छौर राजस्थान के बडक़ापारा में टोल होगा। अगर बढक़ापारा में एग्जिट लेते हैं तो करीब यहां तक आपसे 500 रुपए टोल लिया जाएगा। आज रात इस एक्सप्रेस-वे पर यातायात शुरू होने के बाद दिल्ली से जयपुर और दौसा के बीच की दूरी कुछ घंटों की रह जाएगी।

12 घंटे में मुंबई का सफर

दरअसल, दिल्ली-वडोदरा-मुंबई (डीवीएम) एक्सप्रेस-वे पूरी तरह बनने के बाद दिल्ली से मुंबई का सफर कार से महज 12 घंटे के अंदर पूरा होगा। जबकि अभी मुंबई पहुंचने में 24 घंटे का समय लगता है। डीवीएम एक्सप्रेसवे की शुरुआत गुरुग्राम के अलीपुर से होगी। इसके बाद दिल्ली से जयपुर ढाई और दौसा तक सिर्फ साढ़े 3 घंटे में सफर तक हो जाएगा।

2024 में पूरा होगा प्रोजेक्ट

पहले चरण में एक्सप्रेस-वे का अलीपुर से दौसा तक 228 किलोमीटर की सडक़ बनकर तैयार हो गई है। अभी दिल्ली से दौसा तक पहुंचने में 6 घंटे तक का समय लगता है, लेकिन आज रात से महज साढ़े 3 घंटे के अंदर दौसा और ढाई घंटे के अंदर दिल्ली से जयपुर पहुंचा जा सकेगा। अगले साल 2024 तक इस प्रोजेक्ट के पूरा होने की उम्मीद है। उसके बाद दिल्ली से मुंबई 1380 किलोमीटर का सफर भी कार से महज 12 घंटे के अंदर पूरा किया जा सकेगा।

8 लाइन होगा एक्सप्रेस-वे

बता दें कि दिल्ली-मुंबई ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे देश का सबसे लंबा एक्सप्रेसवे होने वाला है। इस एक्सप्रेस-वे पर 120 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से वाहन चलेंगे। साथ ही ये 8 लेन का होगा। जिसको समयानुसार 12 लेन का भी किया जा सकता है। इस एक्सप्रेस-वे को बनाने में करीब 1 लाख करोड़ रुपए खर्च होंगे।

एक्सप्रेसवे पर होगी लग्जरी सुविधाएं

इस एक्सप्रेसवे पर रेस्ट्रोरेंट, रेस्टरुम, शॉपिंग मॉल, होटल के अलावा अन्य सुविधाएं होगी। हरियाणा की सीमा में पडऩे वाले इस एक्सप्रेस-वे का अधिकांश काम पूरा हो चुका है, जिस पर लगभग 11 हजार करोड़ रुपए खर्च होंगे। एक्सप्रेसवे के शुरू होने से दिल्ली-जयपुर हाईवे (एनएच-48) पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा। चूंकि अभी दिल्ली से जयपुर या फिर मुंबई तक जाने के लिए इसी हाईवे का प्रयोग किया जाता है। एक्सप्रेसवे के बनने के बाद दिल्ली-जयपुर हाईवे पर लगने वाले जाम से भी निजात मिल जाएगी।