सरकार की कर्मचारी विरोधी नीतियों के खिलाफ एसकेएस ने की आंदोलन की घोषणा - सेवा राम

हाल ही में प्रस्तावित रूल की प्रमोशन में टैस्ट की शर्त को अनिवार्य रूप से लागू करने के विरोध में 12 से 14 जून तक सभी विभागों के कर्मचारियों से संपर्क करके प्रदेश के सभी ब्लॉक मुख्यालयों पर 15 जून को जोरदार प्रदर्शन किए जाएंगे

सरकार की कर्मचारी विरोधी नीतियों के खिलाफ एसकेएस ने की आंदोलन की घोषणा - सेवा राम

करनाल - सर्व कर्मचारी संघ कर्मचारियों की मांगों को लेकर पीछे हटने के मूड में नहीं है। जींद में ऐतिहासिक चेतावनी रैली करने के बाद अब सरकार से सीधे ही दो-दो हाथ करने के लिए आर-पार के आन्दोलन का एलान कर दिया है। संघ के जिला प्रधान सुशील गुर्जर सिरसी, जिला सचिव सेवा राम बड़सर और जिला प्रेस प्रवक्ता कृष्ण कुमार निर्माण ने कहा कि सर्व कर्मचारी संघ का मानना है कि प्रदेश की सरकार निरंतर कर्मचारियों की मांगों की अनदेखी कर रही है। मनमाने कर्मचारी विरोधी निर्णयों को जबरन लागू कर रही है, जिसे सहन नहीं किया जा सकता। सर्व कर्मचारी संघ ने रोहतक में बैठक करके आर-पार के आंदोलन की घोषणा कर दी है। हाल ही में प्रस्तावित रूल की प्रमोशन में टैस्ट की शर्त को अनिवार्य रूप से लागू करने के विरोध में 12 से 14 जून तक सभी विभागों के कर्मचारियों से संपर्क करके प्रदेश के सभी ब्लॉक मुख्यालयों पर 15 जून को जोरदार प्रदर्शन किए जाएंगे। प्रस्तावित मसौदे की प्रतियां जलाई जाएंगी।

इसके बाद 24 और 25 जून को पूरे हरियाणा के सभी जिलों में संघ की विस्तारित बैठकों का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद प्रदेश के सभी नब्बे विधायकों को कर्मचारियों की मांगों से संबंधित मांग पत्र सौंपकर उनसे जबाब मांगा जाएगा और उनकी कर्मचारियों के प्रति सोच को उजागर किया जाएगा। इसी कड़ी में प्रदेश के सभी जिला परिषद सदस्यों,नगर पार्षदों व ग्राम सरपंचों, मुख्य राजनैतिक दलों के मुखियाओं से भी मिलकर कर्मचारियों की मांगों को हल करवाने को लेकर उनसे समर्थन व सहयोग मांगा जाएगा। नौ और 10 अगस्त को केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के आह्वान पर प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर 24 घंटे का पड़ाव डाला जाएगा।जिला प्रेस प्रवक्ता कृष्ण कुमार निर्माण ने बताया कि प्रमोशन में टैस्ट की शर्त को स्वीकार नहीं किया जाएगा व प्रदेश सरकार के कर्मचारी विरोधी हर मनमाने निर्णय का सख्त विरोध किया जाएगा।