सुक्खू ने भूस्खलन से तीन लोगों की मृत्यु पर जताया शोक, विद्यालयों में दो दिन का अवकाश

श्री सुक्खू ने अपने शोक संदेश में ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और शोक संतप्त परिजनों को इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

सुक्खू ने भूस्खलन से तीन लोगों की मृत्यु पर जताया शोक, विद्यालयों में दो दिन का अवकाश

शिमला - मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शिमला जिले की कुमारसैन तहसील में भूस्खलन के कारण एक ही परिवार के तीन लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

श्री सुक्खू ने अपने शोक संदेश में ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और शोक संतप्त परिजनों को इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन को प्रभावित परिवार को तत्काल राहत उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि भारी बारिश तथा विषम मौसमी परिस्थितियों के दृष्टिगत हिमाचल प्रदेश राज्य शिक्षा बोर्ड से संबद्ध सरकारी तथा निजी स्कूल और हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय तथा सरदार पटेल विश्वविद्यालय से संबंद्ध सरकारी तथा निजी महाविद्यालय 10 तथा 11 जुलाई को बंद रहेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएससी), भारतीय माध्यमिक शिक्षा प्रमाणपत्र (आईसीएसई) तथा अन्य शिक्षा बोर्ड से संबद्ध निजी विद्यालयों को स्थानीय मौसमी परिस्थितियों के आधार पर इन दो दिनों तक रखने का निर्णय अपने स्तर पर ले सकते हैं। इसके साथ ही परामर्श दिया गया है कि उपरोक्त शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों तथा कर्मचारियों की सुरक्षा हर स्तर पर सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि खराब मौसम के पूर्वानुमान के दृष्टिगत राज्य सरकार ने सुरक्षा उपायों और आम जनता को इसके प्रति जागरूक करने के लिए संबंधित जिला प्रशासन को सतर्क कर दिया है। उन्होंने कहा कि मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार सतर्क रहने तथा लोगों से नदियों और नालों के पास न जाने की भी अपील की गयी है। उन्होंने प्रदेशवासियों से जिला प्रशासन के साथ सहयोग करने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की अनुपालना करने का भी आग्रह किया।