एचएयू की उन्नत तकनीक, नवाचार का तंजानिया के किसानों उठाएंगे लाभ

विश्वविद्यालय के प्रवक्ता ने गुरुवार को यहां बताया कि एचएयू की प्रौद्योगिकी से तंजानिया के किसान कृषि उत्पादन बढ़ाकर और नये स्टार्टअप तैयार कर अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत बना सकेंगे।

एचएयू की उन्नत तकनीक, नवाचार का तंजानिया के किसानों उठाएंगे लाभ

चंडीगढ़ - हरियाणा में हिसार स्थित चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (एचएयू) की उन्नत कृषि तकनीक और नवाचार का तंजानिया के किसानों को भी लाभ मिलेगा।

विश्वविद्यालय के प्रवक्ता ने गुरुवार को यहां बताया कि एचएयू की प्रौद्योगिकी से तंजानिया के किसान कृषि उत्पादन बढ़ाकर और नये स्टार्टअप तैयार कर अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत बना सकेंगे। इसी कड़ी में एचएयू और तंजानिया के मोरोगोरो स्थित सोकोइन कृषि विश्वविद्यालय के बीच आपसी सहयोग से कृषि में अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए एक अनुबंध हुआ है, जिसका लाभ दोनों देशों के किसानों को होगा। अनुबंध पर एचएयू के कुलपति और सोकोइन कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो रापहियल टी चिबूंडा ने हस्ताक्षर किए हैं।

अनुबंध के अनुसार एचएयू के वैज्ञानिक, शोधार्थी और विद्यार्थी मिलकर नवीन अनुसंधानों की मदद से तंजानिया के किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत बनाने का प्रयास करेंगे। इसके अलावा हरियाणा और तंजानिया विश्वविद्यालयों के संकाय का आदान-प्रदान, अनुसंधान और कृषि विस्तार गतिविधियों में सहयोग को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बताया कि इस समय तंजानिया के शहर दार-ए-सालाम में 47वां अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला चल रहा है, जिसमें हरियाणा का एक प्रतिनिधि मंडल तंजानिया में व्यापार एवं शिक्षा के अवसर तलाशने और उन्हें बढ़ावा देने के लिए दौरे पर है। पचास सदस्यीय इस प्रतिनिधि मंडल में हरियाणा सरकार के उच्चाधिकारी, व्यापारी, चार विश्वविद्यालयों के कुलपति और अधिकारी शामिल हैं।