असम में बिहू डांस ने बनाया विश्व रिकॉर्ड

11 हजार से अधिक कलाकारों ने दी प्रस्तुति, अब पीएम मोदी भी बनेंगे मेगा समारोह का हिस्सा

असम में बिहू डांस ने बनाया विश्व रिकॉर्ड

गुवाहाटी : असम के नव वर्ष मनाए जाने वाले रोंगाली पर्व के मौके पर लोकनृत्य बिहू और पारंपरिक संगीत की प्रस्तुति कर विश्व रिकॉर्ड बनाया गया है। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराने के लिए असम के 11,304 नर्तकों और ढोल वादकों के साथ एक ही स्थान पर बिहू नृत्य करने और ढोल बजाया है। गुवाहाटी के सरुसजई स्टेडियम में एक साथ हजार से अधिक कलाकारों ने बिहू डांस कर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है। राज्य के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने यह जानकारी दी। 

गौरतलब है कि बिहू उत्सव को असमिया संस्कृता के जीवन की रेखा कहा जाता है। इस खास मौके पर बनाए गए रिकॉर्ड को लेकर हिमंत विश्व शर्मा ने कहा कि यह लोकनृत्य का सबसे बड़ा आयोजन था। लंदन में गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स मुख्यालय के एक निर्णायक की उपस्थिति में कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति दी और बिहू नृत्य और ढोल के लिए यह वैश्विक उपलब्धि हासिल की। हिमंत विश्व शर्मा ने यहां इंदिरा गांधी एथलेटिक स्टेडियम में कहा,‘‘हमने 11,304 नर्तकों और ढोल वादकों के साथ प्रस्तुति देकर बिहू नृत्य और बिहू ढोल, दोनों के लिए विश्व रिकॉर्ड बनाए हैं। यह एक ही स्थान पर सबसे बड़ा बिहू नृत्य और बिहू ढोल प्रदर्शन है।’’ गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में बिहू दर्ज करने की प्रक्रिया असम सरकार द्वारा शुरू की गई थी। इस दौरान नृत्यांगनाओं के साथ 2548 ढोल वादकों ने भी शानदार प्रस्तुति दी। ये कार्यक्रम इतना शानदार था कि पूरा स्टेडियम दर्शकों से भरा पड़ा था।

पीएम मोदी भी देंखेंगे प्रस्तुति

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी असम में मनाए जाने वाले ‘रोंगाली बिहू’ त्योहार के पहले दिन शुक्रवार को राज्य का दौरा करेंगे। इस दौरान वो लगभग 14,300 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। पीएमओ के मुताबिक, प्रधानमंत्री बिहू नृत्य भी देखेंगे जिसमें 10,000 से अधिक कलाकार शामिल होंगे। इस कार्यक्रम का आयोजन असम के बिहू नृत्य को असमिया लोगों की सांस्कृतिक पहचान और जीवन के शुभंकर के रूप में विश्व स्तर पर प्रदर्शित करने के उद्देश्य से किया गया है। इस कार्यक्रम में एक ही स्थान पर 10 हजार से अधिक कलाकार भाग लेंगे और एक ही स्थान पर दुनिया के सबसे बड़े बिहू नृत्य प्रदर्शन की श्रेणी में एक नया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का प्रयास करेंगे। इसमें राज्य के 31 जिलों के कलाकार भाग लेंगे।

पीएम मोदी देंगे 14,300 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात

पीएम मोदी ने 14 अप्रैल को एक दिवसीय असम दौरे पर है जहां वो लगभग 14,300 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात जनता को देंगे। इस दौरान पीएम मोदी कई परियोजनाओं की सौगात जनता को देंगे। वह एम्स, गुवाहाटी और तीन अन्य मेडिकल कॉलेजों को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। एम्स, गुवाहाटी में कामकाज का शुरू होना असम और पूरे पूर्वोत्तर क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर होगा।