कंबोडिया में आम चुनाव के लिए प्रचार शुरू

राष्ट्रीय चुनाव समिति (एनईसी) के अनुसार, अठारह राजनीतिक दल 125 सीटों वाली नेशनल असेंबली के लिए आगामी चुनाव लड़ेंगे, जिसमें 97 लाख से अधिक लोग मतदान करेंगे।

कंबोडिया में आम चुनाव के लिए प्रचार शुरू

नोम पेन्ह - कंबोडिया में राजनीतिक दलों ने 23 जुलाई को होने वाले आम चुनाव के लिए तीन सप्ताह का चुनाव प्रचार अभियान शनिवार को शुरू किया।

राष्ट्रीय चुनाव समिति (एनईसी) के अनुसार, अठारह राजनीतिक दल 125 सीटों वाली नेशनल असेंबली के लिए आगामी चुनाव लड़ेंगे, जिसमें 97 लाख से अधिक लोग मतदान करेंगे।

कंबोडियाई प्रधानमंत्री एवं सत्तारूढ़ कंबोडियन पीपुल्स पार्टी (सीपीपी) के अध्यक्ष सैमडेक टेको हुन सेन ने राजधानी नोम पेन्ह के डायमंड द्वीप में आयोजित एक रैली में भाग लिया।

रैली को संबोधित करते हुए श्री हुन सेन ने कहा कि आगामी चुनाव देश के लिए एक ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण राजनीतिक घटना है तथा सीपीपी ने उनके पुन: चुनाव के लिए अपने समर्थन को मंजूरी दे दी है।

श्री हुन सेन ने कहा कि 2023-2028 के लिए पार्टी का राजनीतिक कार्यक्रम कंबोडिया के 2030 तक उच्च मध्यम आय और उच्च आय वाला देश बनने के दृष्टिकोण को साकार करने की दिशा में विकास एवं लोगों की आजीविका में सुधार के रास्ते पर शांति तथा स्थिरता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए डिजाइन किया गया था जबकि 2050 तक देश को सबसे अधिक आय वाला देश बना दिया जाएगा। उन्होंने कमजोर लोगों के लिए मुफ्त स्वास्थ्य देखभाल के विस्तार और गरीब एवं कमजोर परिवारों के युवाओं के लिए मुफ्त व्यावसायिक तथा तकनीकी प्रशिक्षण का भी वादा किया।

उन्होंने कहा कि सीपीपी सभी प्रकार के बाहरी हस्तक्षेप का विरोध करते हुए क्षेत्र और दुनिया में शांति, स्थिरता, सुरक्षा, सहयोग तथा समृद्धि में योगदान करते हुए कंबोडिया व सभी देशों के बीच दोस्ती एवं सहयोग का निर्माण जारी रखेगी।

सीपीपी ने 1979 से इस दक्षिण पूर्व एशियाई देश पर शासन किया है। पिछले आम चुनाव में 2018 में सीपीपी ने नेशनल असेंबली की सभी 125 सीटें जीतीं।

चुनाव अभियान के शुरुआती दिन, खमेर नेशनल यूनाइटेड पार्टी और खमेर गरीबी-विरोधी पार्टी सहित अन्य राजनीतिक दलों ने भी राजधानी शहर के अन्य हिस्सों में रैलियां कीं।

एनईसी के अनुसार, रॉयलिस्ट फनसिनपेक पार्टी रविवार को नोम पेन्ह में हजारों समर्थकों के साथ एक रैली आयोजित करेगी।

चुनाव प्रचार 21 जुलाई तक चलेगा।