असम-अरुणाचल प्रदेश की सीमा पर फायरिंग

दो लोगों की मौत, तीन के लापता होने की खबर

असम-अरुणाचल प्रदेश की सीमा पर फायरिंग

असम : असम के धेमाजी जिले में अरुणाचल प्रदेश की सीमा पर सोमवार को कथित गोलीबारी में कम से कम दो लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। पुलिस अधीक्षक (एसपी) रंजन भुइयां ने गोलीबारी की घटना पर संज्ञान लेते हुए बताया कि स्थानीय लोगों द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर अंतरराज्यीय सीमा क्षेत्र में वृक्षारोपण अभियान चलाया जाना था। हालांकि, जब कुछ ग्रामीण कार्यक्रम की व्यवस्था करने गए तो कथित बदमाशों ने उन पर गोलियां चला दीं।

पुलिस अधीक्षक ने आगे बताया कि पौधरोपण अभियान के लिए सात ग्रामीण सुबह व्यवस्था करने गए हैं। हालांकि, वे फायरिंग की चपेट में आ गए। उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गोली लगने से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें धेमाजी सिविल अस्पताल पहुंचाया। इन तीनों में से एक की वहीं मौत हो गई। भुइयां ने कहा कि तीन अन्य लापता हैं और पुलिस उनकी तलाश कर रही है। उन्होंने कहा कि मृतकों की पहचान बोगा चुटिया और मोनिटू गोगोई के रूप में हुई है। हमारी जांच चल रही है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि घटना को अरुणाचल प्रदेश के असामाजिक तत्वों ने अंजाम दिया है क्योंकि इलाके में अंतरराज्यीय सीमा को लेकर विवाद है। असम और अरुणाचल प्रदेश के बीच 804 किलोमीटर लंबी साझी सीमा है और दोनों पक्ष सीमा विवाद को सुलझाने के लिए बातचीत कर रहे हैं। सीमा विवाद को सुलझाने के लिए 20 अप्रैल को नयी दिल्ली में केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह की उपस्थिति में असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा और अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने सहमतिपत्र पर हस्ताक्षर किये थे।