तुर्की पुलिस ने 59 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया

प्रदर्शनों के 10 वर्ष पूरे होने के अवसर पर एकत्रित हुए थे और पुलिस के साथ झड़प में शामिल थे

तुर्की पुलिस ने 59 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया

इस्तांबुल : तुर्की पुलिस ने बुधवार को इस्तांबुल में 59 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया, जो इस्तांबुल के गेजी पार्क में 2013 में हुए सरकार विरोधी प्रदर्शनों के 10 वर्ष पूरे होने के अवसर पर एकत्रित हुए थे और पुलिस के साथ झड़प में शामिल थे। स्थानीय मीडिया ने गुरुवार को यह जानकारी दी।

तुर्की की समाचार एजेंसी डीएचए की रिपोर्ट के अनुसार, प्रदर्शनकारी 2013 में हुए सरकार विरोधी प्रदर्शन के पीडि़तों की याद में तकसीम स्क्वायर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान हालांकि, तुर्की की कम्युनिस्ट पार्टी के कुछ कार्यकर्ता पार्टी का झंडे लहराते हुए पर्यटकों के बीच लोकप्रिय पैदल यात्री सडक़ इस्तिकलाल एवेन्यू पर गए और राजनीतिक नारे लगाने लगे। इसके बाद पुलिस के साथ उनकी झड़प हुई, जिसमें 37 लोगों को हिरासत में लिया गया।

रिपोर्ट के अनुसार, मध्य इस्तांबुल के मैका डेमोक्रेसी पार्क और तकसीम स्क्वायर में प्रदर्शन के दौरान पुलिस की अवज्ञा करने के आरोप में कैम्पस विचेज समूह से संबंधित 22 अन्य प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया।

गौरतलब है कि ऑटोमन-युग के तकसीम सैन्य बैरकों के पुनर्निर्माण और तकसीम स्क्वायर के पास गेज़ी पार्क में पेड़ों की कटाई के खिलाफ 31 मई, 2013 को हुआ प्रदर्शन पुलिस के साथ हिंसक झड़पों में बदल गया था। इसके बाद बहुत जल्द ही यह सरकार विरोधी प्रदर्शन में तब्दील हो गया, विशेष रूप से देश के बढ़ते हुए इस्लामीकरण के खिलाफ व्यापक आंदोलन किया गया। इस विरोध प्रदर्शन को तुर्की के आधे प्रांतों और यूरोप में रहने वाले तुर्क लोगों का समर्थन प्राप्त हुआ।