पटनायक ने प्रथम विश्व उड़िया भाषा सम्मेलन का लोगो जारी किया

मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक भारत में ओडिशा पहला भाषाई राज्य है

पटनायक ने प्रथम विश्व उड़िया भाषा सम्मेलन का लोगो जारी किया

भुवनेश्वर :  ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने तीन फरवरी को यहां होने वाले पहले विश्व ओड़िया भाषा सम्मेलन के लोगो का अनावरण किया है।

श्री पटनायक ने गुरुवार को लोगो जारी करते हुए, जिसकी टैगलाइन है ''भाषा ही भविष्य है,'' तीन दिवसीय सम्मेलन की शानदार सफलता की कामना की और कहा कि सम्मेलन बुद्धिजीवियों, शोधकर्ताओं, विद्वानों और छात्रों के बीच ओडिया भाषा को प्रचारित और समृद्ध करने के बारे में अपने विचारों का आदान-प्रदान करने के लिए एक अच्छे मंच के रूप में काम करेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक भारत में ओडिशा पहला भाषाई राज्य है और ओड़िया भाषा को शास्त्रीय भाषाओं में से एक का दर्जा पहले ही मिल चुका है।

उन्होंने कहा, विश्व ओडिया भाषा सम्मेलन मुख्य रूप से ओडिया भाषा के अतीत, वर्तमान और भविष्य पर चर्चा और बहस करने के लिए आयोजित किया गया है।

श्री पटनायक ने कहा कि सम्मेलन ओडिया भाषा का प्रचार-प्रसार भी सुनिश्चित करेगा और हमारी भावी पीढ़ी के लिए एक मजबूत वाहक और शक्तिशाली माध्यम के रूप में कार्य करेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सम्मेलन में इस बात पर भी विचार किया जाएगा और भविष्य के कार्यक्रमों के लिए रास्ते खोजे जाएंगे कि हमारी भावी पीढ़ी के बीच ओडिया भाषा कैसे लोकप्रिय होगी ताकि भाषा का सम्मान किया जा सके।