बीजेपी की बैठक में शामिल हुए विजय रुपाणी, पंजाब सरकार पर जमकर बरसे

ओहदेदारों ने फूलों का गुलदस्ता, दुशाला और कृपाण देकर किया सम्मानित

बीजेपी की बैठक में शामिल हुए विजय रुपाणी, पंजाब सरकार पर जमकर बरसे

अमृतसर। भारतीय जनता पार्टी की सात जिलों की संगठनात्मक बैठक का आयोजन आज स्टार पैलेस में जिला तरनतारन प्रधान हरजीत सिंह संधू की अध्यक्षता में किया गया। बैठक में भाजपा प्रदेश प्रभारी और गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी शर्मा विशेष रूप से उपस्थित हुए। प्रदेश प्रभारी विजय रुपाणी को प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी शर्मा और अन्य ओहदेदारों ने फूलों का गुलदस्ता, दुशाला और कृपाण देकर सम्मानित किया। वहीं विजय रुपाणी ने कृपाण लहराते हुए बैठक में उपस्थित सदस्यों का अभिवादन स्वीकार किया। प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी शर्मा ने दीप प्रज्वलित करते हुए बैठक का शुभारंभ किया। बैठक की शुरुआत वंदे मातरम गीत से की गई ।

भाजपा किसी वंश या परिवार की पार्टी नहीं

पत्रकारों से बातचीत करते हुए भाजपा प्रदेश प्रभारी विजय रुपाणी ने कहा कि पंजाब के लोगों का माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के प्रति दिन प्रतिदिन भरोसा और विश्वास बढ़ रहा है। पंजाब में फैले नशे के जंजाल और बिगड़ चुकी कानून व्यवस्था के चलते लोगों की मनोस्थिति बन चुकी है कि अब कमजोर होकर टूट रहे पंजाब को मोदी जी और भाजपा नेतृत्व ही बचा सकता है । इसलिए जिलों, नगरों और गांवों से बड़ी संख्या में लोग भाजपा से जुड़े रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि भाजपा किसी वंश, परिवार या फिर किसी एक खास आदमी की पार्टी नहीं है , बल्कि भाजपा संगठनात्मक और कार्यकर्ताओं पर आधारित पार्टी है। पार्टी में हमेशा कार्यकर्ता ही केंद्रीय स्थिति में होता है और सम्मान प्राप्त करता है।

बीजेपी निकालेगी यात्रा

विजय रुपाणी ने बताया कि पंजाब से नशे की बीमारी को खत्म करने के लिए भाजपा पूरे पंजाब में मध्य मार्च में पंजाब को बचाना है, ड्रग्स को हटाना है के नारे तले यात्रा निकालेगी। यात्रा का शुभारंभ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे। यात्रा में लोगों को जागरूक करने और नशा पीडि़तों की व्यथा सुनने के लिए सामाजिक, धार्मिक और स्वयंसेवी संगठनों को साथ जोड़ा जाएगा।