पुलिस को चकमा देकर भागी पॉक्सो एक्ट में गिरफ्तार महिला

मेडिकल के लिए लाया गया था अस्पताल

पुलिस को चकमा देकर भागी पॉक्सो एक्ट में गिरफ्तार महिला

खन्ना (पंजाब) : खन्ना पुलिस की हिरासत से एक आरोपी महिला चकमा देकर फरार हो गई। महिला को मेडिकल के लिए सिविल अस्पताल लाया गया था। जब पुलिस की टीम इमरजेंसी वार्ड में थी तो आंख बचाकर आरोपी महिला मेन गेट से बाहर भाग गई और फिर हाथ नहीं आई। हालांकि लंबे समय तक पुलिस की टीमें शहर में महिला को ढूंढती रहीं। लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला था। 

सदर थाना में नाबालिग लड़की को शादी कराने का झांसा देकर घर से भगा ले जाने के आरोप में पुलिस ने गांव होल की प्रीति और उसके पति मलागर सिंह के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया था। पुलिस ने आरोपी महिला प्रीति को गिरफ्तार कर लिया था। उसे बुधवार को अदालत में पेश करने के बाद सिविल अस्पताल में मेडिकल के लिए लाया गया। साथ में लेडी कॉन्स्टेबल भी थी।

मेडिकल की प्रक्रिया के दौरान पुलिस को पता ही नहीं चला कि आरोपी महिला कब फरार हो गई। एसएचओ हरदीप सिंह ने कहा कि महिला की तलाश की जा रही है। शहर के विभिन्न इलाकों में दुकानों पर कैमरे चेक किए गए। इसी बीच पता चला कि आरोपी महिला बस स्टैंड की तरफ जा रही थी। इसके बाद आशंका जताई जा रही है कि महिला बस में फरार हो गई। लेकिन महिला के पास न तो आधार कार्ड था और न ही कोई पैसा। उसका ज्यादा दूर जाना संभव नहीं है। पुलिस को संदेह है कि आरोपी महिला यूपी भाग सकती है। इसे लेकर पुलिस ने शंभू बॉर्डर पर अलर्ट कर दिया है।