यादव ने वरिष्ठजन के साथ अयोध्या धाम पहुंचकर भगवान श्रीराम के दर्शन किए

मुख्यमंत्री ने कहा कि लगभग दो हजार साल पहले उज्जैन के सम्राट विक्रमादित्य ने अयोध्या में कई निर्माण कार्य करवाए थे

यादव ने वरिष्ठजन के साथ अयोध्या धाम पहुंचकर भगवान श्रीराम के दर्शन किए

भोपाल/अयोध्या : मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने राज्य के वरिष्ठजन के साथ उत्तरप्रदेश के अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर के दर्शन किए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कल अयोध्या धाम से लौटने के बाद स्टेट हैंगर पर संवाददाताओं से चर्चा के दौरान कहा कि उन्हें अयोध्या धाम पहुंचकर भगवान रामलला के दर्शन करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। उच्चतम न्यायालय के निर्णय के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राम जन्म भूमि न्यास ने अयोध्या में भगवान श्री राम की प्राण प्रतिष्ठा कर उनके दर्शन का अद्भुत अवसर प्रदान किया है। भगवान श्रीराम अपने धाम में मुस्कुरा रहे हैं। यह पाँच सौ साल का संघर्ष है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लगभग दो हजार साल पहले उज्जैन के सम्राट विक्रमादित्य ने अयोध्या में कई निर्माण कार्य करवाए थे। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश का अयोध्या से लगभग दो हजार साल पुराना संबंध है। 84 कसौटियों वाले खंभों का मंदिर जो पाँच सौ साल पहले आक्रांताओं ने तोड़ा था, आज पुन: वहाँ भगवान श्री राम का भव्य मंदिर बन गया है। डॉ यादव के साथ पूर्व राज्यसभा सांसद रघुनंदन शर्मा, नारायण केसरी, वरिष्ठ समाजसेवी ओम मेहता तथा वरिष्ठ पत्रकार रमेश शर्मा अयोध्या गए थे। डॉ. यादव ने अयोध्या के रामायणम आश्रम पहुंचकर मंदाकिनी दीदी से भी सौजन्य भेंट की। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक बार वे मंत्री मंडल के साथियों के साथ दर्शन करने अयोध्या गए थे। तब ही यह निश्चित किया था कि प्रदेश के सभी जिलों के लोग अयोध्या जाकर दर्शन करें, ऐसी व्यवस्था की जाएगी। साथ ही उन्होंने कहा कि अन्य प्रदेशों के लोग भी प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन करने आएं, इसके लिए भी योजना बनाई जा रही है।