अठानी में चुनाव दलबदलू लक्ष्मण सावदी को हराने के लिए है : शाह

जो बजरंगबली का अपमान करने वाली कांग्रेस में शामिल हो गए

अठानी में चुनाव दलबदलू लक्ष्मण सावदी को हराने के लिए है : शाह

बेलगावी : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कर्नाटक के बेलगावी जिले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवारों के लिए प्रचार करते हुए शनिवार को कहा कि अठानी का चुनाव दलबदलू लक्ष्मण सावदी को हराने के लिए है, जो बजरंगबली का अपमान करने वाली कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। शाह ने कहा, कर्नाटक को बदलने के लिए आपको भाजपा के पक्ष में बटन दबाना होगा। यह आपके (लोगों) के लिए समय है कि आप उन लोगों को सबक सिखाएं जिन्होंने अपने निजी स्वार्थ के लिए भाजपा को धोखा दिया। उन्होंने कहा, माताओं, भाइयों और बहनों आपने पिछले चुनाव में लक्ष्मण सावदी को हराया था। फिर भी जब येदियुरप्पा जी की सरकार बनी, तो हमने उन्हें उपमुख्यमंत्री और पांच साल के लिए विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) भी बनाया। लक्ष्मण सावदी पांच साल के एमएलसी हैं।फिर उन्होंने भाजपा क्यों छोड़ी आप (लोगों) को यह सवाल पूछना है। उन्होंने कहा, वह किस पार्टी में शामिल हुए? वह बजरंग बली का अपमान करने वाली कांग्रेस में शामिल हो गए।

उन्होंने कहा कि 70 साल तक कांग्रेस ने भगवान राम को बंद करके रखा और कभी भी राम मंदिर नहीं बनने दिया, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अयोध्या में राम मंदिर की आधारशिला रखी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस यहीं नहीं रुकी और बजरंगबली का अनादर करने लगी और श्री सिद्दारमैया ने भगवान की जन्मतिथि पूछ ली।उन्होंने कहा, बजरंग बली के जन्मदिन को पूरा देश जानता है। हनुमान जयंती की पूर्णिमा की रात उनका जन्मदिन है। कांग्रेस को यह याद नहीं है क्योंकि वह तुष्टीकरण की राजनीति में अंधी हो चुकी है।