कर्नाटक कथित खाद्य विषाक्तता के कारण एक महिला की मौत, 135 अन्य अस्पताल में भर्ती

पुलिस ने बताया कि मृतक महिला की पहचान होसकोटे की रहने वाली सिद्दागंगम्मा के रूप में की गई है।

कर्नाटक कथित खाद्य विषाक्तता के कारण एक महिला की मौत, 135 अन्य अस्पताल में भर्ती

कर्नाटक :  बेंगलुरु ग्रामीण क्षेत्र के होसकोटे में खाद्य विषाक्तता के एक संदिग्ध मामले में 65 वर्षीय एक महिला की मौत हो गई जबकि 135 अन्य लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि मृतक महिला की पहचान होसकोटे की रहने वाली सिद्दागंगम्मा के रूप में की गई है। पुलिस ने बताया कि उन्हें संदेह है कि संभवत: इलाके में एक पूजा स्थल पर चढ़ाया गया खाद्य पदार्थ इसका कारण हो सकता है।

पुलिस के मुताबिक, अस्पताल में भर्ती हुए लोगों में से कुछ को छुट्टी दे दी गई है जबकि अन्य का अब भी इलाज चल रहा है। स्वास्थ्य विभाग स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहा है। उन्होंने बताया कि इसके खाद्य विषाक्तता का मामला होने का संदेह है,जांच प्रारंभिक चरण में है इसलिए फिलहाल सटीक कारण का पता नहीं लगाया जा सकता है।

प्रारंभिक जांच से पता चला है कि शनिवार को उनमें से अधिकांश होसकोटे शहर के एक मंदिर में गए थे जहां उन्होंने ‘प्रसाद’ खाया था। एक दिन बाद उनमें से कुछ लोगों को पेचिश और उल्टी की शिकायत हुई जिसके बाद वे इलाज के लिए अस्पतालों में पहुंचे।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इन्हीं लक्षणों की शिकायत करने वाली एक महिला को रविवार अपराह्न एक अस्पताल में भर्ती कराया गया और आज सुबह उसकी मौत हो गई। कई अन्य लोगों को भी पेचिश और उल्टी की शिकायत होने के बाद रविवार सुबह अस्पतालों में भर्ती कराया गया।

पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘ हमारे पास जानकारी है कि करीब 70 लोगों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। बाद में हमें पता चला कि 65 और लोगों को भर्ती कराया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने ऐसे पांच अस्पतालों को चिह्नित किया है, जिनमें सबसे ज्यादा मरीज भर्ती हैं। स्थिति को देखते हुए एक अस्पताल में उन्होंने गंभीर मरीजों के इलाज के लिए एक पूरी मंजिल को आरक्षित रखा है। मरीजों को संदेह है कि संभवत: शनिवार को उन्होंने मंदिर में जो प्रसाद खाया था, उसी में कुछ गड़बड़ी रही होगी। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘ हमने इन मरीजों के बयान दर्ज करने शुरू कर दिए हैं। अभी तक हमने कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है। हमारी जांच शुरुआती चरण में है। हमें स्वास्थ्य विभाग से एक शिकायत मिली है, जिसके आधार पर हमने होसकोटे पुलिस थाने में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 278 के तहत मामला दर्ज किया है। हमारी जांच चल रही है और हम उसके अनुसार आवश्यक कार्रवाई करेंगे।